Saran News | नगरा में शांतिपूर्ण माहौल में प्रमुख व उप प्रमुख का चुनाव संपन्न

News4Bihar (सारण)नगरा प्रखंड में प्रमुख एवं उप प्रमुख का चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। प्रमुख पद पर मालती देवी को 10 सदस्यों का समर्थन मिला, जबकि उप प्रमुख पद के लिए संजय कुमार उपाध्याय को 11 सदस्यों ने अपना मत देकर विजयी बनाया। वहीं निवर्तमान प्रमुख अमरपति देवी को पांच तथा पूर्व उप प्रमुख शारदा देवी को चार मत प्राप्त हुए।

नगरा प्रखंड में कुल 10 पंचायतों के 15 बीडीसी सदस्य हैं। खास बात यह रही कि प्रमुख और उप प्रमुख दोनों पद अफौर पंचायत के प्रतिनिधियों को मिले हैं। अफौर पंचायत में दो बीडीसी सदस्य होने के बावजूद दोनों शीर्ष पद मिलने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मौके पर अपर समाहर्ता शिवकुमार पंडित, सदर अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, जलालपुर व बनियापुर के राजस्व अधिकारी, गरखा बीडीओ, मजिस्ट्रेट ड्यूटी में विष्णु कुमार, नगरा थानाध्यक्ष अभिनंद यादव एवं खैरा थानाध्यक्ष सहित पुलिस बल मौजूद रहे।