पटना: बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू होगी, जिसमें राजस्व एवं भूमि सुधार, गृह, वाणिज्य कर और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े 7 महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाएंगे। इन विधेयकों पर प्रारंभिक चर्चा भी होने की संभावना है।
आज पेश होने वाले 7 विधेयक
बिहार भूमि दाखिल-खारिज (संशोधन) विधेयक, 2026
बिहार कृषि भूमि (गैर कृषि प्रयोजनों के लिए समपरिवर्तन) (संशोधन) विधेयक, 2026
बिहार चीनी उपकर (अर्जन) (संशोधन) विधेयक, 2026
बिहार माल एवं सेवा कर (GST) (संशोधन) विधेयक, 2026
बिहार युवा (प्रतिवेध) विधेयक, 2026
बिहार नर्सेज पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026
बिहार चिकित्सक (संशोधन) विधेयक, 2026
पहले दिन विपक्ष का हंगामा
सोमवार को मॉनसून सत्र के पहले दिन विपक्ष ने नीट पेपर लीक, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं सरकार ने अपने 100 दिनों की उपलब्धियां सदन में रखीं।
87,383 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट
सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 87,383.43 करोड़ रुपये का प्रथम अनुपूरक बजट भी पेश किया। उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि बजट का बड़ा हिस्सा विकास योजनाओं, वेतन-पेंशन और विभिन्न सरकारी योजनाओं पर खर्च किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी और कई अहम योजनाएं समय पर पूरी हो सकेंगी।










