पटना में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 32 मामलों का वांछित अपराधी ‘संतोष डॉन’ हथियार के साथ गिरफ्तार

पटना: बिहार एसटीएफ (STF) और पटना जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। फतुहा थाना कांड में वांछित कुख्यात अपराधी संजय कुमार उर्फ संतोष कुमार उर्फ संतोष डॉन को पटना जिले के खुशरूपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस तथा 18,900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद हथियार और अन्य सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ पटना और नालंदा जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कुल 32 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश की जा रही थी।

बिहार पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई एसटीएफ और पटना जिला पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।