News4Bihar| Saran| इसुआपुर थाना के नए थानाध्यक्ष के रूप में धीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को पदभार संभाला। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शराबबंदी कानून को पूर्णतः अमली जामा पहनाना उनका मुख्य कर्तव्य होगा। थाना क्षेत्र में शराब से जुड़े कारोबारियों तथा शराबियों की अब खैर नहीं। साथ ही कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, आम जन की शिकायतों का त्वरित निष्पादन तथा शांतिपूर्ण माहौल कायम रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होगी। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल थाना को देने की अपील भी की। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से परिचय प्राप्त कर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की जानकारी ली। इसके पूर्व वे तरैया थाना में अपर थानाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे।










