इसुआपुर में तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो की टक्कर से मजदूर की मौत, चालक अस्पताल से फरार

News4Bihar | इसुआपुर (सारण): इसुआपुर थाना क्षेत्र के एसएच-90 स्थित दरवां पोखरा के समीप शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान दरवां गांव निवासी स्वर्गीय नायक महतो के 60 वर्षीय पुत्र नंदलाल महतो के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छपरा से मसरख की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो ने सड़क पार कर रहे नंदलाल महतो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और अचेत हो गए।

हादसे के बाद ऑटो चालक ने घायल नंदलाल महतो को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इसुआपुर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वह मौका देखकर फरार हो गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद नंदलाल महतो को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही इसुआपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नंदलाल महतो दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी और मजदूरी ही परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मृतक अपने पीछे पत्नी शिकांति देवी, तीन विवाहित पुत्र तथा चार विवाहित पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।