■》पेंशन के ₹1,100 निकालने पहुंची महिला के खाते में अचानक 740.68 करोड़ रुपये का बैलेंस दिखा, बैंक ने शुरू की जांच।
News4Bihar | नवादा : बिहार के नवादा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विधवा पेंशन की राशि निकालने बैंक पहुंची एक महिला के खाते में अचानक 740 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगा। खाते में इतनी बड़ी राशि देखकर महिला की तबीयत बिगड़ गई, जबकि बैंक कर्मचारी भी हैरान रह गए। फिलहाल बैंक इस पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार, नवादा शहर के वार्ड संख्या-28 स्थित नीम टोला निवासी रेखा देवी, जो स्वर्गीय उदय नारायण पांडे की पत्नी हैं, बिहार पेंशन दिवस के अवसर पर अपने बैंक खाते से ₹1,100 की विधवा पेंशन निकालने बैंक पहुंची थीं।
पेंशन की राशि निकालने के बाद उन्होंने अपने खाते में शेष राशि की जानकारी मांगी। बैंक कर्मी ने जब बैलेंस चेक किया तो स्क्रीन पर ₹740,68,72,895 की राशि दिखाई दी। पहले तो बैंक कर्मचारी खुद हैरान रह गए, फिर कई बार दोबारा जांच की गई, लेकिन हर बार वही राशि स्क्रीन पर दिखाई देती रही।
रेखा देवी ने बताया कि वह हृदय रोग की मरीज हैं और जीवन में कभी इतनी बड़ी रकम नहीं देखी। खाते में करोड़ों रुपये का बैलेंस देखकर उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि कहीं इस घटना की वजह से उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
घटना की खबर फैलते ही बैंक परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। कोई इसे बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी बता रहा है तो कोई इसे चमत्कार मान रहा है। हालांकि बैंक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे बैंकिंग सिस्टम की संभावित तकनीकी त्रुटि माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खाते में इतनी बड़ी राशि आखिर कैसे दिखाई दी।
News4Bihar लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की जानकारी भी साझा की जाएगी।










