News4Bihar | सारण | नगरा प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष अनिल सिंह ने की.बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क, पेयजल, विधि-व्यवस्था समेत विभिन्न विभागों से जुड़े जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए गए.सांप काटने की स्थिति में पहले समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा उठाया गया, जिस पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि अब इसकी व्यवस्था कर दी गई है.वहीं अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ समेत अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी पर भी चर्चा हुई.इस पर बताया गया कि डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है.सदस्यों ने नगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मियों की कमी, धूपनगर-धोबवल उप स्वास्थ्य केंद्र एवं जगदीशपुर उप स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए.प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने संबंधित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.बैठक के दौरान बीस सूत्री सदस्य रवि प्रकाश ने नगरा चौक एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक सामुदायिक शौचालय के निर्माण की मांग उठाई.वहीं प्रखंड कार्यालय से स्वास्थ्य केंद्र तक समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई.इसके अलावा नगरा मुख्यालय में जब्त बालू लदे ट्रकों को हटाने तथा पशुपालन विभाग में कर्मियों की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई.बैठक में भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष शैलेश कुमार साह, बीडीओ अनुभव कुमार, खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान, नगरा थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव, सदस्य अवध सिंह उर्फ गांधी जी, चन्द्रसेन कुंवर, सूरज कुमार, राजीव तिवारी, गणेश साह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.










