News4Bihar | छपरा: सारण पुलिस मुख्यालय को नया नेतृत्व मिल गया है। बिहार पुलिस की 67वीं बैच के तेजतर्रार पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बुधवार को मुख्यालय डीएसपी (HQ DSP) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान मुख्यालय डीएसपी स्वीटी सिंह से कार्यभार संभालते हुए अपनी नई जिम्मेदारियों की शुरुआत की।
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने नए मुख्यालय डीएसपी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, स्थानांतरित हुईं स्वीटी सिंह को उनके कार्यकाल के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
पदभार संभालने के बाद अभिषेक कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पुलिस मुख्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाना होगी। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए बेहतर पुलिसिंग और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा जताया।
सारण पुलिस मुख्यालय में नए नेतृत्व के आगमन को लेकर पुलिस महकमे में सकारात्मक माहौल देखा गया और अधिकारियों-कर्मियों ने बेहतर प्रशासनिक कार्यशैली की उम्मीद जताई।










