News4Bihar | सारण जिले के मकेर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मकेर बाईपास के चकिया मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मकेर थाना क्षेत्र के बाईपास स्थित चकिया मोड़ के समीप मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के अतरार गांव निवासी मोहम्मद रेयाज की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रेयाज अपने जीजा के साथ मढ़ौरा से दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहम्मद रेयाज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय जनप्रतिनिधि तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें मकेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, अत्यधिक गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव के कारण युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी.घटना की सूचना मिलते ही मकेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इधर, जैसे ही हादसे की सूचना मुजफ्फरपुर के अतरार गांव स्थित मृतक के घर पहुंची, परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










