तरैया में एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान युवक की मौत

◆ चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

तरैया,(सारण)। थाना क्षेत्र में फेनहारा गांव के रहने वाले एक युवक की निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन नर्सिंग होम के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाए है। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है और कथित फर्जी नर्सिंग होम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

जा रही है। मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र यादव और शैलेंद्र यादव ने बताया कि 28 जून की शाम चंद्रशेखर को पेट दर्द और लगातार उल्टी की शिकायत हुई थी। उसके बाद उसे तरैया के खराटी मथुरा चौक स्थित मां इमरजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां तीन दिनों तक इलाज किया गया, लेकिन उसकी तबीयत में सुधार होने के बजाय लगातार बिगड़ती चली गई। जब मरीज की हालत अधिक गंभीर हो गई, तो अस्पताल के चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। जिसके बाद परिवार के लोग चंद्रशेखर को बेहतर इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पटना के चिकित्सकों ने बताया कि पहले हुए गलत उपचार के कारण मरीज की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई थी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने निजी अस्पताल को सील करने, कथित फर्जी नर्सिंग होम के संचालन की जांच कराने तथा इलाज करने वाले चिकित्सक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग करते हुए नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है। इधर सूचना मिलते ही मसरख इंस्पेक्टर इन्द्रदेव महतो और अपर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझा बुझाकर उन्हें शांत कराया तथा निष्पक्ष जांच और विधिसम्मत कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक अपने पीछे पत्नी पुतुल देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।