टीबी मरीजों को गोद लेने की अपील, डीएम ने शुरू की नई पहल

◇ जलालपुर सीएचसी में ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ अभियान के तहत डीएम ने की समीक्षा, दलित बस्तियों में विशेष जांच अभियान के निर्देश

जलालपुर (सारण)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जलालपुर के सभागार में ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ अभियान के तहत जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में यक्ष्मा (टीबी) जांच, जनप्रतिनिधियों, आशा एवं एएनएम कर्मियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने टीबी उन्मूलन अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए चिकित्सा प्रभारी डॉ. उमेश रजक को निर्देश दिया कि दलित बस्तियों, ईंट-भट्ठों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में मोबाइल टीम गठित कर विशेष जांच शिविर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि जहां भी टीबी के लक्षण वाले लोगों की आशंका हो, वहां तत्काल स्क्रीनिंग और जांच सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने आरबीएसके (RBSK) टीम को भी निर्देशित किया कि वे गांव-गांव और ईंट-भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों की पहचान कर उनकी स्वास्थ्य जांच करें। साथ ही, टीबी पॉजिटिव मरीजों के परिवार के सभी सदस्यों की भी अनिवार्य रूप से जांच कराने के निर्देश दिए।

बैठक में भारत सरकार के वर्ष 2025 तक टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को सफल बनाने पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी क्षमता के अनुसार टीबी मरीजों को ‘गोद’ लेकर उनके पोषण एवं उपचार में सहयोग करें, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

संवाद के दौरान बीडीसी राजन तिवारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे सेवा सुचारु रूप से संचालित नहीं होने का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन सारण, प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार प्रसाद, अंचल पदाधिकारी अविनाश कुमार, चिकित्सा प्रभारी डॉ. उमेश रजक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जनप्रतिनिधियों में प्रखंड प्रमुख अखिलेश्वर पासवान, उप प्रमुख शनिश कुमार सिंह, बीडीसी धर्मेंद्र सिंह, बीडीसी राजन तिवारी, मुखिया धर्मेंद्र यादव, सत्येंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने सुझाव रखे।