छपरा। मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की सारण जिला इकाई के गठन एवं नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में छपरा के एक रेस्टोरेंट के सभागार में स्थापना समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सारण जिलाध्यक्ष डॉ. अमरेश कुमार ने की, जबकि संचालन अंशिका कुमारी ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने कहा कि मानवाधिकार प्रत्येक नागरिक का मूलभूत एवं संवैधानिक अधिकार है, जिसे किसी भी व्यक्ति से छीना नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि संगठन समाज के हर व्यक्ति को समान अवसर, न्याय और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। जाति, धर्म, लिंग अथवा आर्थिक स्थिति के आधार पर होने वाले भेदभाव का विरोध करते हुए उन्होंने सामाजिक न्याय को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. अमरेश कुमार ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और उसके अधिकारों की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों, विशेषकर मृत्यु भोज जैसी परंपराओं के खिलाफ जन-जागरण अभियान भी चलाया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन के मुख्य महासचिव मुकेश कुमार, मुख्य राज्य सलाहकार डॉ. आर.पी. सिंह, राज्य सचिव दिलशाद आलम, पटना जिलाध्यक्ष अभिनव आनंद सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे और संगठन को जनहित में मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
समारोह के अंत में डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. शैलेश कुमार, डॉ. ददन प्रसाद सिंह, अमरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. पी. कुमार समेत दर्जनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।










