पटना: तेजप्रताप यादव ने अपने निजी PA पर लगाया चोरी का आरोप, सचिवालय थाने में दर्ज कराया केस

पटना, 23 जून: बिहार के पूर्व मंत्री और राजद नेता तेजप्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय/यादव पर नकदी और कीमती सामान चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने पटना के सचिवालय थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि उनके आवास से लगभग 20 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी, आईपैड, मैकबुक, लैपटॉप और कई महंगे मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान गायब हैं। उन्होंने दावा किया है कि चोरी की इस घटना में उनके निजी PA मोतीलाल की संलिप्तता है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने कथित रूप से मोतीलाल को बैग लेकर आवास से निकलते देखा था। इसी आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

तेजप्रताप यादव ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की अपील की है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।