दो पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज करने  के लिए पीड़ित के साथ थाना पहुंचे फैसल जावेद

News4Bihar | अररिया | अररिया सदर अस्पताल गेट के समीप मक्का किसान से कथित अवैध वसूली, गाली-गलौज एवं दुर्व्यवहार के मामले में पीड़ित अशरफ आलम ने दो पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए अररिया नगर थाना में आवेदन दिया है। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता एवं “अररिया का मुद्दा” के संस्थापक फैसल जावेद यासीन भी पीड़ित के साथ थाना पहुंचे।
आवेदन के अनुसार, 04 जून की अहले सुबह लगभग 03:10 बजे अशरफ आलम अपने साथियों के साथ मक्का लदे ट्रैक्टर लेकर गुलाबबाग मंडी जा रहे थे। आरोप है कि अररिया सदर अस्पताल गेट के समीप दो पुलिसकर्मियों ने उनकी गाड़ियों को रोककर अवैध रूप से पैसे की मांग की तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया।
पीड़ित अशरफ आलम ने बताया कि वह अररिया डिस्ट्रीक ट्रैक्टर ऑनर एसोसिएशन के उप सचिव तथा गैर सरकारी संगठन “अररिया का मुद्दा” के सदस हैं। उन्होंने कहा कि किसानों और आम लोगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
फैसल जावेद यासीन ने बताया की घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों की पहचान कर ली गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अब मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फैसल जावेद यासीन ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसानों और आम नागरिकों के साथ इस प्रकार की घटनाएं न हों।
उन्होंने कहा, “यदि दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो हम किसानों, ट्रैक्टर मालिकों और आम नागरिकों के साथ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।”
थाना प्रभारी मनीष कुमार रजक को सौंपे गए आवेदन में दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। थाना प्रभारी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।