नवाचार और परंपरा के संगम से विकसित भारत के निर्माण पर युवाओं का महामंथन

News4Bihar | छपरा | विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका, नवाचार और भारतीय परंपराओं के समन्वय पर व्यापक चर्चा के उद्देश्य से मंगलवार को भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 – यंग प्रोफेशनल्स राउंडटेबल” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “इनोवेशन विद ट्रेडिशन : बिल्डिंग ए मॉडर्न भारत” रहा।

 

यह आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) सारण इकाई तथा मंत्रालय की नोडल एजेंसी फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) बिहार के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की अहम भूमिका है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

 

मुख्य वक्ता स्वामी अतिदेवानंद महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आधुनिक तकनीक के समन्वय से ही आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।

 

विशिष्ट अतिथि डॉ. विद्या वाचस्पति त्रिपाठी ने युवाओं को सामाजिक नेतृत्व, सेवा भावना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

 

राउंडटेबल चर्चा में अभिषेक अरुण और प्रिया सिंह ने नवाचार, उद्यमिता, मीडिया की भूमिका तथा नीति-निर्माण में युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा किए।

 

कार्यक्रम का संचालन एवं मॉडरेशन रतिकेश पूर्णोदय ने किया। उन्होंने संवाद को प्रभावी दिशा देते हुए प्रतिभागियों के विचारों को मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

इस अवसर पर विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना, सामाजिक संगठनों एवं युवा समूहों के प्रतिनिधियों ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता पर अपने विचार रखे।

 

कार्यक्रम के अंत में माई भारत एवं फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के नोडल अधिकारी तथा राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता मंटू कुमार यादव ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संवाद युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

 

इस दौरान फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के सचिव रणजीत कुमार, कोषाध्यक्ष प्रिंस कुमार, अर्पिता राज, रौशनी कुमारी, मंजीत कुमार, कुंदन कुमार, संजय कुमार, सुमित श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष मकेश्वर पंडित सहित MY Bharat सारण इकाई के अनेक सदस्य एवं युवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम में युवाओं ने एक स्वर में नवाचार, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के समन्वय के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया।