नेथुआ को नजरअंदाज क्यों? तैयार भवन के बावजूद दूसरे स्थान पर कॉलेज की तैयारी!

   News4Bihar | सारण | मढ़ौरा में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज को लेकर अब सवालों का दौर शुरू हो गया है। नेथुआ पंचायत की मुखिया नीरू देवी ने सरकार और जिला प्रशासन से नेथुआ स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय परिसर में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां भवन, खेल मैदान और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं।

 

लेकिन सबसे बड़ा सवाल पूर्व मुखिया मुन्ना ठाकुर ने उठाया है। मुन्ना ठाकुर पूछ रहे हैं कि आखिर जब नेथुआ में 14 कमरों का तैयार भवन मौजूद है, पर्याप्त जमीन है और छात्रों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं, तो फिर डिग्री कॉलेज के लिए किसी दूसरे स्थान का चयन क्यों किया जा रहा है?

 

उन्होंने सवाल किया कि जिस जगह को कॉलेज के लिए चिह्नित किया गया है, वह मुख्य आबादी से लगभग 30 किलोमीटर दूर है। वहां आने-जाने के लिए समुचित यातायात व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में आखिर छात्र-छात्राएं वहां तक कैसे पहुंचेंगे? क्या बिना सुविधा वाले स्थान पर कॉलेज खोलना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं है?

 

मुन्ना ठाकुर ने कहा कि जब प्रस्तावित स्थल से महज 1 से 2 किलोमीटर की दूरी पर नेथुआ में तैयार भवन उपलब्ध है, तो उसे नजरअंदाज करने के पीछे आखिर वजह क्या है? उन्होंने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से पूरे मामले की समीक्षा कर छात्रों के हित में नेथुआ में ही डिग्री कॉलेज संचालित करने की मांग की है।

 

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर विचार करेगा, या फिर छात्रों को दूरदराज के क्षेत्र में कॉलेज जाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?