सारण में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रहे वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत, एक दिन में मिला 4 लाख का मुआवजा

News4Bihar: सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की तत्परता से पीड़ित परिवार को एक ही दिन में चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान कर दी गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, रिविलगंज थाना क्षेत्र के मोहब्बत परसा पंचायत अंतर्गत गोरिया छपरा दियारा निवासी 60 वर्षीय चंद्रमा चौधरी अपने खेत में परवल तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच हुए वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

 

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

 

घटना की सूचना मिलने पर मोहब्बत परसा पंचायत की मुखिया रेखा मिश्रा, मुखिया प्रतिनिधि बुलबुल मिश्रा, नीरज मिश्रा, स्थानीय अंचलाधिकारी (सीओ) तथा थाना प्रभारी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रयास से मृतक के आश्रितों को आपदा राहत मद से चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि एक ही दिन में उपलब्ध करा दी गई।

 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे पीड़ित परिवार को कठिन समय में आर्थिक संबल मिलेगा। वहीं जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।