News4Bihar | पटना | बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में बिहार से 8,681 बच्चे लापता हुए हैं, जिनमें लगभग 85 प्रतिशत लड़कियां हैं।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में लगातार हत्या, लूट, चोरी, दुष्कर्म और अपहरण जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार अपराध पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है।
तेजस्वी यादव ने हाल के दिनों में सामने आई कुछ चर्चित घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पटना में परीक्षा देने आई एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास की घटना का भी जिक्र किया।
राजद नेता ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण के दावों के बावजूद प्रभावी कदम उठाने में सफल नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस और कानून का भय अपराधियों के बीच कम हो गया है।
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी उपाय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
हालांकि, सरकार की ओर से इस प्रेस विज्ञप्ति पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










