□》ताजपुर पुल पर जल्द होगा सेफ्टी ऑडिट, रिपोर्ट के बाद तय होगा चारपहिया वाहनों का आवागमन
छपरा, 30 मई 2026: सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को मांझी-दरौली-गुठनी पथ पर दाहा नदी स्थित ताजपुर पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को बताया कि सुरक्षा कारणों से फिलहाल पुल पर केवल दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों के आवागमन की अनुमति है। लोगों ने मांग की कि एम्बुलेंस समेत आपातकालीन सेवाओं से जुड़े हल्के चारपहिया वाहनों को भी पुल से गुजरने की अनुमति दी जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पुल निर्माण निगम के परियोजना अभियंता को पुल का विस्तृत लोड बेयरिंग सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्देश दिया। परियोजना अभियंता ने बताया कि पुल निर्माण निगम और एनआईटी पटना के विशेषज्ञ संयुक्त रूप से एक सप्ताह के भीतर पुल की तकनीकी जांच और भार वहन क्षमता का आकलन करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुल की संरचनात्मक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेषज्ञों की रिपोर्ट और सेफ्टी ऑडिट के निष्कर्षों के आधार पर ही यह निर्णय लिया जाएगा कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े हल्के चारपहिया वाहनों को पुल से गुजरने की अनुमति दी जा सकती है या नहीं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सेफ्टी ऑडिट पूरा कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि जनहित में शीघ्र निर्णय लिया जा सके।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, पुल निर्माण निगम एवं पथ निर्माण विभाग के अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










