News4Bihar: सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने गुरुवार को बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के तहत द्वितीय अपील के 15 मामलों की सुनवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण आदेश जारी किए। सुनवाई के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए जवाब-तलब भी किया गया।
डीएम ने कुल 15 मामलों की सुनवाई की, जिनमें 9 मामलों का अंतिम निपटारा किया गया, जबकि 6 मामलों में संबंधित लोक प्राधिकारों को पूर्ण प्रतिवेदन के साथ अगली तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
सबसे चर्चित मामले में दिघवारा के राईपट्टी निवासी लालजी पंडित द्वारा अतिक्रमण हटाने की शिकायत पर अंचलाधिकारी द्वारा अधूरी कार्रवाई और त्रुटिपूर्ण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अंचलाधिकारी का वेतन स्थगित करने तथा स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
वहीं बनियापुर की माया देवी एवं नेहा कुमारी के राशन कार्ड निर्माण में अत्यधिक विलंब के मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से जवाब मांगा गया। साथ ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पूरे मामले की गहन समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि लोक शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निवारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सजग, संवेदनशील और सक्रिय रहते हुए जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
“जनता की शिकायतों पर अब नहीं चलेगी लापरवाही, जवाबदेही तय होगी और कार्रवाई भी होगी” — डीएम वैभव श्रीवास्तव










