■》अगौथर सुंदर गांव में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, तीन घायल
■ 》गांव में तनावपूर्ण शांति, पुलिस की कड़ी निगरानी
इसुआपुर (सारण)। थाना क्षेत्र के अगौथर सुंदर पंचायत अंतर्गत अगौथर सुंदर गांव में पूर्व विवाद को लेकर रविवार की सुबह दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। घटना में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान सुशीला देवी, उर्मिला देवी और निगम कुमार के रूप में हुई है। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इसुआपुर में कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के दर्जनों लोग लाठी-डंडा, फरसा, भाला समेत अन्य हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए। घटना की सूचना मिलते ही इसुआपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस बल की तत्परता से दोनों पक्षों को तितर-बितर कर माहौल को शांत कराया गया।
थानाध्यक्ष गौरव कुमार गौरव ने बताया कि घटना स्थल पर करीब 70 से 80 लोग जुटे थे। स्थानीय लोगों एवं चौकीदार से मिली सूचना के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में कई नामजद आरोपियों के साथ 30 से 40 अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कई आरोपितों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में छपरा जेल भेज दिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार गांव में कैंप कर निगरानी कर रही है।










