News4Bihar | Desk | भोजपुरी लोक संगीत और लोक संस्कृति को देशभर में नई पहचान दिलाने वाले भोजपुर जिले के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार भरत सिंह भारती को सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया गया। कला के क्षेत्र में वर्ष 2026 के लिए यह सम्मान मिलने के बाद उनके पैतृक गांव ननऊर सहित पूरे भोजपुर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
बताया जाता है कि भरत सिंह भारती ने अपने लंबे सांस्कृतिक सफर में एक हजार से अधिक भोजपुरी लोकगीतों को अपनी आवाज दी है। उनके गीतों ने गांव-देहात की मिट्टी, परंपरा, लोकजीवन और भोजपुरी संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। दशकों से वे भोजपुरी लोकगायन की परंपरा को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सोमवार को सहार प्रखंड के ननऊर स्थित उनके आवास पर सुबह से ही ग्रामीणों, शुभचिंतकों और परिजनों की भीड़ जुटी रही। जैसे ही समारोह का सीधा प्रसारण शुरू हुआ, लोग टीवी स्क्रीन से जुड़ गए। शाम करीब 5:35 बजे जब राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने उन्हें पद्मश्री सम्मान प्रदान किया, तो गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाइयां बांटीं, पटाखे फोड़े और जयकारों के साथ अपनी खुशी जाहिर की।
दिल्ली में आयोजित इस सम्मान समारोह में उनके साथ पौत्र भारद्वाज भारती और पौत्रवधू रश्मि राय भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल ‘पद्मश्री’ से इस वर्ष बिहार की तीन प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया है। इनमें प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. गोपाल त्रिवेदी, लोक नृत्य गुरु विश्वबंधु और भोजपुरी लोक संगीत के दिग्गज भरत सिंह भारती शामिल हैं।










