● तेजस्वी यादव का केंद्र सरकार पर हमला, बोले — “जनता की जेब काटकर बढ़ाई जा रही महंगाई”
पटना | News4Bihar : बिहार के नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें कम होने के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
तेजस्वी यादव ने बयान जारी करते हुए कहा कि बीते 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग 5 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम लोगों की जेब पर बोझ डालकर निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने में लगी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 की तुलना में आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें काफी कम हैं, लेकिन इसके बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें दोगुनी हो चुकी हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि आने वाले समय में महंगाई और बेरोजगारी की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
आरजेडी नेता ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीबों, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। साथ ही छोटे उद्योग-धंधों और रोजगार पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव दिखाई देगा।
तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार का ध्यान रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अर्थव्यवस्था जैसे मूल मुद्दों से हट चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल “हेडलाइन मैनेजमेंट” और नाम बदलने की राजनीति में व्यस्त है।










