चलती ट्रेन से गिरने लगी महिला, कटिहार स्टेशन पर RPF जवान अमित ने बचाई जान

News4Bihar | कटिहार | Railway Protection Force के जवान की सूझबूझ और तत्परता से कटिहार रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री की जान बच गई। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, एक महिला यात्री गलती से मालदा जाने के लिए कटिहार–सिलीगुड़ी पैसेंजर ट्रेन पर सवार हो गई थी। ट्रेन खुलने के बाद महिला को अपनी गलती का एहसास हुआ। घबराहट में वह चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करने लगी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिरने लगी।

इसी दौरान स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात Amit ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत महिला को पकड़ लिया और सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर खींच लिया। जवान की बहादुरी और सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

कटिहार स्टेशन पर लगे सीसीटीवी में आरपीएफ जवान अमित की यह बहादुरी रिकॉर्ड हुई है। जानकारी के मुताबिक, उनकी इस साहसिक कार्रवाई को देखते हुए उन्हें सम्मानित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।