कटिहार स्टेशन पर खीरे में मिलाया जा रहा था हरा रंग! वायरल वीडियो के बाद RPF की बड़ी कार्रवाई

News4Bihar: कटिहार से एक बार फिर खाद्य पदार्थों में मिलावट से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हाल के दिनों में बिरयानी के साथ तरबूज खाने से कई लोगों की मौत के मामले की जांच अभी पूरी तरह सुलझ भी नहीं पाई थी कि अब कटिहार रेलवे स्टेशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्टेशन पर खीरा बेचने वाली महिलाएं खीरे को ताजा और हरा दिखाने के लिए रंग में डुबोती नजर आ रही हैं।

 

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं खीरे को हरे रंग वाले घोल में डुबोकर उसे चमकदार और ताजा दिखाने की कोशिश कर रही हैं। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध वेंडर के रूप में खीरा बेचती थीं।

 

वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। कटिहार आरपीएफ ने इस मामले में कुल नौ महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि खीरे में इस्तेमाल किया गया रंग कौन सा था और यह स्वास्थ्य के लिए कितना खतरनाक हो सकता है।

 

इस पूरे मामले पर कटिहार आरपीएफ इंस्पेक्टर विक्रम ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है। स्टेशन परिसर में अवैध तरीके से खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

 

घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि खाने-पीने की चीजों में इस तरह की मिलावट सीधे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।