कटिहार में बदहाल सड़क बनी मुसीबत, मरीज को खटिया पर लादकर पहुंचाया गया अस्पताल

News4Bihar: कटिहार जिले के प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत केहूनिया पंचायत वार्ड संख्या 12 से एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है, जहां आजादी के दशकों बाद भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। हल्की बारिश में ही गांव की सड़क झील में तब्दील हो जाती है, जिससे आम लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।

 

स्थिति इतनी खराब है कि बीमार पड़ने पर मरीज को एंबुलेंस तक नसीब नहीं हो पाती। गांव के मोहम्मद रवि की अचानक तबीयत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने उन्हें खटिया पर लादकर इलाज के लिए मुख्य सड़क तक पहुंचाया। जलजमाव और बदहाल सड़क के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद लोगों ने कंधे के सहारे मरीज को बाहर निकाला।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और मरीजों को होती है।

 

पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद अजमल और उप प्रमुख मोहम्मद रफीक ने कहा कि गांव की सड़क वर्षों से बदहाल है, लेकिन अब तक मरम्मत या स्थायी समाधान की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

 

वहीं पूरे मामले पर कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह जांच की जाएगी कि एंबुलेंस मरीज तक क्यों नहीं पहुंच पाई। साथ ही सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर भी संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी गई है।