गूंजा आस्था का संदेश, गुड फ्राइडे पर यीशु के त्याग को किया याद

News4Bihar: कटिहार के मिरचाईबाड़ी स्थित कैथोलिक चर्च में गुड फ्राइडे के मौके पर आस्था और श्रद्धा का अनोखा संगम देखने को मिला। प्रभु यीशु मसीह के बलिदान को याद करते हुए ईसाई समाज के लोगों ने पूरे भक्तिभाव के साथ प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। चर्च परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष आराधना के दौरान पास्टर समर्पण ने लोगों को संबोधित करते हुए प्रभु यीशु के बताए प्रेम, त्याग और क्षमा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुड फ्राइडे सिर्फ शोक का दिन नहीं बल्कि आत्मचिंतन और मानवता के लिए समर्पण का दिन है। इस दौरान यीशु मसीह को सूली पर चढ़ाए जाने से पहले की उनकी सात वाणियों का पाठ किया गया जिसे सुनकर माहौल पूरी तरह भावुक हो उठा। फादर डेविस विलियम ने कहा कि गुड फ्राइडे हमें यह सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थिति में भी क्षमा और प्रेम का रास्ता नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दूसरों को क्षमा करें क्योंकि क्षमा ही सच्ची आस्था की पहचान है। कार्यक्रम में युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और यीशु मसीह के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। कुल मिलाकर गुड फ्राइडे के इस आयोजन ने कटिहार में आस्था, त्याग और मानवता का गहरा संदेश छोड़ दिया।