तेज रफ्तार बस का चक्का फटा, सड़क किनारे पलटी — 5 घायल, 3 की हालत गंभीर

  News4Bihar | इसुआपुर:थाना क्षेत्र के सढ़वारा बाजार से दक्षिण स्थित एसएच-90 पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छपरा से मसरख जा रही ‘जय माता दी’ नामक बस का बायां चक्का अचानक फट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार थे। हादसे के तुरंत बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया।

इस हादसे में कुल पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इसुआपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया।

घायलों में बनियापुर थाना क्षेत्र के खबसी गांव निवासी सच्चिदानंद सिंह, नई बाजार छपरा निवासी विष्णु कुमार, गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी रंजन कुमार, राज किशोर राम तथा इसुआपुर थाना क्षेत्र के लौवां गांव निवासी राजदेव राय शामिल हैं। बताया जाता है कि राजदेव राय साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी वे बस की चपेट में आ गए।

चिकित्सकों के अनुसार विष्णु कुमार, राजदेव राय और रंजन कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा भेजा गया है। वहीं सच्चिदानंद सिंह और राज किशोर राम का इलाज सीएचसी इसुआपुर में जारी है।

घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यवसायियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और वाहनों की नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।