News4Bihar/ अमनौर (सारण):एसएच-104 अमनौर-तरैया मुख्य मार्ग पर शनिवार देर संध्या एक तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। अमनौर हाई स्कूल के क्रीड़ा मैदान के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर बिजली के सीमेंटेड पोल से जा टकराई, जिससे खंभा पूरी तरह टूटकर गिर पड़ा।
बताया जा रहा है कि कार में करीब आधा दर्जन युवक सवार थे, जो तरैया की ओर से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर दौड़ पड़े।
हालांकि, गनीमत रही कि सभी सवार सुरक्षित बच निकले और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। लेकिन हादसे के बाद सभी युवक कार छोड़कर दूसरी गाड़ी से मौके से फरार हो गए, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि सड़क किनारे कोई मौजूद होता तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही अमनौर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार का रंग सफेद है और उसका नंबर BR01FJ0648 बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस वाहन मालिक और सवारों की पहचान में जुटी हुई है।
👉 बड़ा सवाल: तेज रफ्तार और लापरवाही कब थमेगी?










