किशनगंज: ठाकुरगंज CHC विवाद ने पकड़ा तूल, प्रभारी डॉ. रहमान के समर्थन में उतरे जदयू नेता, जांच जारी

News4Bihar: किशनगंज जिले के ठाकुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सक डॉ. अखलाकुल रहमान पर एएनएम और सीएचओ द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए जिला पदाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है, जो सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

इस बीच डॉ. रहमान के समर्थन में भी आवाजें उठने लगी हैं। जदयू के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद निजामुद्दीन ने खुलकर उनका पक्ष लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मरीजों को बेहतर इलाज मिल रहा है और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।

निजामुद्दीन ने एएनएम और सीएचओ द्वारा लगाए गए आरोपों को साजिश करार देते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर डॉ. रहमान को हटाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनका काम सराहनीय रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्कृष्ट कार्यों के लिए डॉ. रहमान को जिला पदाधिकारी द्वारा कई बार सम्मानित किया जा चुका है।

वहीं, स्थानीय लोगों का भी कहना है कि डॉ. रहमान के कार्यकाल में अस्पताल की स्थिति में सुधार देखने को मिला है और मरीजों को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

फिलहाल, पूरे मामले की सच्चाई जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। अब सबकी नजरें जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं।

वहीं जदयू जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद निजामुद्दीन ने कहा की  “डॉ. अखलाकुल रहमान के आने के बाद अस्पताल की व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह से साजिश का हिस्सा लगते हैं।”