News4Bihar : बथनाहा और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए ‘उड़ान फिजिकल अकैडमी’ उम्मीद की एक नई किरण बनकर उभरी है। जहां आज के समय में अधिकांश संस्थान भारी फीस लेकर प्रशिक्षण देते हैं, वहीं यह अकैडमी पूरी तरह नि:शुल्क प्रशिक्षण देकर एक मिसाल पेश कर रही है। यहां युवाओं से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता और उन्हें फिजिकल से लेकर लिखित परीक्षा तक की पूरी तैयारी मुफ्त में कराई जाती है। अकैडमी के प्रशिक्षक महंत सर ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की जरूरत को समझते हुए इस पहल की शुरुआत की, जिससे अब स्थानीय युवाओं को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
इस अकैडमी का सबसे बड़ा लाभ क्षेत्र की बेटियों को मिल रहा है, जो अब सुरक्षित माहौल में अपने घर के पास ही तैयारी कर पा रही हैं। यहां बेहतर रनिंग ट्रैक, अनुशासित अभ्यास और अनुभवी मार्गदर्शन के साथ रेलवे, SSC GD, CISF, बिहार पुलिस, दरोगा समेत कई सरकारी नौकरियों की तैयारी कराई जाती है। हाल ही में कई छात्रों का फिजिकल टेस्ट के लिए चयन भी हुआ है, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। शिक्षा के बढ़ते खर्च के बीच यह पहल न केवल युवाओं को रोजगार की दिशा दे रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी भी बना रही है।










