मशरक(सारण) महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मशरक थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पासवान ने की। बैठक को संबोधित करते हुए सीओ सुमंत कुमार ने कहा कि महाशिवरात्रि आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। इसे सभी लोग मिलजुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन से संपर्क करने तथा अफवाहों से दूर रहने -की अपील की। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पासवान ने कहा कि महाशिवरात्रि आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। सभी श्रद्धालु एवं आयोजक कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए पर्व मनाएं। उन्होंने बताया कि पूजा, जुलूस, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। प्रशासन की ओर से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही वोलेंटियर्स को भी सतर्क रहकर श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान साफ सफाई, रोशनी, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।










