Patna : राजधानी पटना का सिविल कोर्ट एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी से दहल उठा। महज तीन दिन के भीतर यह दूसरी धमकी है और चौंकाने वाली बात यह कि पिछली बार की तरह इस बार भी पूर्णिया सांसद पप्पू यादव से जुड़े मामले की सुनवाई तय थी। लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह छठी बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अदालत की कार्यवाही रोक दी गई और परिसर को खाली करा लिया गया। आम लोगों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगा दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीरबहोर थाना पुलिस, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
लगातार मिल रही धमकियों और हर बार पप्पू यादव मामले की सुनवाई के दिन ही कोर्ट को निशाना बनाए जाने से साजिश की आशंका गहराने लगी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या है।
बार-बार मिल रही धमकियों से वकीलों, कोर्ट कर्मियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। अब सवाल यह है कि आखिर राजधानी के सबसे महत्वपूर्ण न्यायिक परिसर की सुरक्षा में सेंध कौन लगा रहा है और कब तक ऐसे धमकी भरे खेल से न्याय व्यवस्था को बाधित किया जाता रहेगा?










