इसुआपुर में 10 फरवरी से चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

News4Bihar | इसुआपुर। प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इसुआपुर के सभागार में शनिवार को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सीएचओ, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं को अभियान से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ तुलिका कुमारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जबकि प्रशिक्षण स्वास्थ्य प्रबंधक नवाब अख्तर जिलानी, स्वास्थ्य प्रशिक्षक अनिल कुमार एवं वीबीडीएस रंजन कुमार सिंह ने दिया।
इस अवसर पर डॉ तुलिका कुमारी ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 10 फरवरी से शुरू होकर 17 दिनों तक चलेगा। अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों को दवा खिलाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए दवा वितरण एवं सेवन की सही प्रक्रिया की जानकारी सभी कर्मियों को दी गई है।
अभियान के दौरान डीईसी, एल्बेंडाजोल एवं आइवरमेक्टिन दवाएं आयु एवं लंबाई के अनुसार दी जाएंगी। दो वर्ष से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी। दो से पांच वर्ष के बच्चों को एक गोली, छह से 14 वर्ष तक के बच्चों को दो गोलियां तथा 15 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को तीन गोलियां दी जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने दवा भोजन के बाद लेने की सलाह दी है। प्रखंड स्तर पर अभियान के लिए 80 टीमों का गठन किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम भी बनाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए इसुआपुर को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सहभागिता निभाने का अनुरोध किया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ युविका कुमारी, स्वास्थ्य प्रबंधक नवाब अख्तर जिलानी, स्वास्थ्य प्रशिक्षक अनिल कुमार, वीबीडीएस रंजन कुमार सिंह, एस पिंकी कुमारी सहित सीएचओ, आंगनवाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं।