छपरा में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में बाल शोषण का भंडाफोड़, 9 नाबालिग बालिकाएं मुक्त, संचालक गिरफ्तार

News4Bihar | छपरा। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) के निर्देश पर सारण पुलिस ने मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छपरा शहर के अख्तियारपुर एवं धर्मबगी बाजार स्थित ऑर्केस्ट्रा प्रतिष्ठानों पर संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग बालिकाओं से अवैध रूप से नृत्य कराए जाने का खुलासा हुआ है।
महिला थाना, सारण में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 7 फरवरी 2026 को NCPCR के ATC विभाग द्वारा जारी नोटिस के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सारण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। दिल्ली से आई रेस्क्यू फाउंडेशन की टीम ने AHTU सारण एवं महिला थाना पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान कुल नौ नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया गया। इनमें छह पश्चिम बंगाल, एक उत्तराखंड और दो असम की रहने वाली हैं। पूछताछ में सामने आया कि बालिकाओं को ऑर्केस्ट्रा में काम दिलाने के बहाने लाकर जबरन नृत्य कराया जाता था और उनका आर्थिक व मानसिक शोषण किया जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में ऑर्केस्ट्रा संचालक विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम, बाल श्रम अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मुक्त कराई गई सभी नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षा में रखते हुए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में बाल तस्करी और नाबालिगों के शोषण से जुड़े मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छपरा में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में बाल शोषण का खुलासा, नौ नाबालिग बालिकाएं मुक्त, संचालक गिरफ्तार पुलिस का कहना है कि जांच के क्रम में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।