इसुआपुर। स्थानीय पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की बोलेरो गाड़ी के साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना अध्यक्ष कमल राम ने बताया कि UP 64-05724 नंबर की बोलेरो पर सवार संदिग्धों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर वाहन समेत चारों को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि उक्त बोलेरो चोरी की है और इसे आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरखपुर (यूपी) निवासी
महम्मद कुरैशी उर्फ गोरख,महम्मद साहिबे आलम उर्फ छोटक,
महम्मद समीर और कन्हैया पाल के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन जब्त कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि पिछले एक पखवाड़े में इसुआपुर पुलिस को कई अहम सफलताएं मिली हैं। इसी क्रम में संदिग्ध हालत में BR-01 PB-3157 नंबर की चोरी की सफारी गाड़ी के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
इसके अलावा पुलिस ने एक टेंपो से 12.5 किलो गांजा बरामद किया है। वहीं मोटरसाइकिल से देशी शराब की तस्करी करते हुए स्थानीय थाना क्षेत्र के लौवां गांव निवासी शिवाजी राय को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और आम लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।










