पीडीएस दुकानदार से मारपीट, पॉश मशीन तोड़ी; राशन और सामान लूटकर फरार

इसुआपुर (सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार के साथ मारपीट, लूटपाट और सरकारी मशीन को क्षतिग्रस्त करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीडीएस दुकानदार अमरजीत कुमार सिंह (पिता–स्व. तारकेश्वर सिंह) ने इसुआपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

दर्ज एफआईआर के अनुसार, गुरुवार को अमरजीत कुमार सिंह अपनी पीडीएस दुकान पर राशन वितरण कर रहे थे। इसी दौरान गांव के आकाश सिंह (पिता–अवधेश सिंह) अपने ममेरे भाई शंकर सिंह (निवासी–मोथहां गांव, थाना गौरा) के साथ-साथ छोटू कुमार (पिता–दयानिधि सिंह) एवं दो-तीन अज्ञात लोगों के साथ दुकान पर पहुंचे और राशन की मांग करने लगे।

राशन वितरण के लिए पॉश मशीन पर फिंगरप्रिंट देने की बात कहने पर आरोपी उग्र हो गए। आरोप है कि उन्होंने पॉश मशीन को तोड़ दिया और दुकानदार का मोबाइल भी छीनकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद दुकानदार के साथ मारपीट की गई।

बीच-बचाव करने आई दुकानदार की पत्नी अमृता कुमारी के साथ भी बदसलूकी किए जाने का आरोप है। इस दौरान उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया गया। साथ ही आरोपी दो पैकेट गेहूं, पॉश मशीन की बैटरी, चार्जर और स्कैनर लेकर मौके से फरार हो गए।

इसुआपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।