सलिमापुर के रविदास टोले में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा होगी स्थापित, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन व शिलान्यास

News4Bihar (सारण)। मढ़ौरा प्रखंड के सलिमापुर पंचायत अंतर्गत रविदास टोले में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसे लेकर बुधवार को स्थानीय मुखिया नीरू देवी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। मौके पर मुखिया नीरू देवी एवं पूर्व मुखिया मुन्ना ठाकुर ने संयुक्त रूप से बताया कि बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा का निर्माण वे अपने निजी फंड से कराएंगे। इसके लिए किसी भी प्रकार की सरकारी राशि का उपयोग नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी और समाज में जागरूकता बढ़ेगी। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर हरेश पासवान, प्रभु राम, हरी राम, मेवालाल राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ।