डीएसपी ने की क्राइम मीटिंग : थानेदारों को दिया जीरो टॉलरेंस पर काम करने का निर्देश

News4Bihar : सारण | मशरक थाना परिसर में वृहस्पतिवार कि दोपहर डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने अधीनस्थ थानों के पुलिस पदाधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग की। इस बैठक में क्राइम कंट्रोल पर विशेष जोर दिया गया।डीएसपी ने सभी थाना अध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र के चिन्हित अपराधियों की एक सूची तैयार रखें। उन्होंने अपराधियों के मूवमेंट की गुप्त जानकारी रखने का भी आदेश दिया। साथ ही सभी थानों के अंतर्गत आने वाले गांवों में जिन व्यक्तियों का अपराधिक इतिहास है, उनकी गांव-वार सूची गश्ती दल के पास उपलब्ध रहनी चाहिए। बैठक में डीएसपी ने बड़ी घटना होने पर आसपास के थाना क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी थानों के महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। किसी घटना के होने पर कुछ मिनटों में उस क्षेत्र को सील करने की क्षमता विकसित करने का निर्देश भी दिया गया।डीएसपी ने पूर्व से लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का भी आदेश दिया। मौके पर मशरक इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पासवान, तरैया, इसुआपुर और पानापुर के थानाध्यक्ष मौजूद रहें।