मढ़ौरा (सारण):थाना क्षेत्र के पियरपुरवा से दो दिन पहले चोरी हुए ट्रैक्टर को पुलिस ने GPS तकनीक की मदद से बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में ट्रैक्टर चोरी मामले में शामिल तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को शुक्रवार को छपरा जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मिर्जापुर निवासी पिंटू कुमार, रोहित कुमार और सलिमापुर निवासी अमित कुमार शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पियरपुरवा स्थित एक सड़क निर्माण कंपनी का ट्रैक्टर चोरों ने चोरी कर लिया था। हालांकि चोरों को यह जानकारी नहीं थी कि ट्रैक्टर में GPS सिस्टम लगा हुआ है। जैसे ही चोरी की सूचना मिली, ट्रैक्टर मालिक ने अपने मोबाइल से वाहन को ट्रैक करना शुरू किया, जिससे उसकी लोकेशन सतजोड़ा के आसपास मिली।
इसके बाद मालिक ने पुलिस को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर को चालक सहित पकड़ लिया गया। मौके पर पहुंची मढ़ौरा पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर दो अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
➡️ पुलिस का कहना है कि इस तरह की तकनीक से वाहन चोरी के मामलों में तेजी से कार्रवाई संभव हो रही है।










