News4Bihar | saran |अमनौर थाना क्षेत्र के धरहरा खुर्द पंचायत स्थित बांदे गांव में सोमवार रात अचानक लगी आग ने एक गरीब परिवार की शादी की तैयारी को पूरी तरह राख कर दिया। ग्राम निवासी रामेश्वर शाह के घर में रात लगभग एक बजे आग लग गई, जिसमें तिलक और शादी के लिए रखा गया पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। परिवार के ध्रुप शाह ने बताया कि वे दूसरे घर में सोए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी, मां और बच्चे उसी घर में सो रहे थे। अचानक आग लगने पर उनकी पत्नी दौड़कर उनके पास पहुंची और जानकारी दी। ध्रुप शाह मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर में आग भयंकर रूप ले चुकी थी। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से बाल्टी और लोटा से पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
आग में तिलक और शादी के लिए रखा गया सामान—साड़ियां, कपड़ा, बर्तन, गहना तथा करीब एक लाख रुपये नकद जलकर राख हो गए। परिवार की बेटी की शादी 4 दिसंबर को होनी है, जबकि 30 नवंबर को तिलक था। शादी की तैयारी के लिए जीविका समूह से 35 हजार रुपये का लोन और शेष रकम कर्ज लेकर जुटाई गई थी, लेकिन सबकुछ कुछ ही मिनटों में खाक हो गया।
घटनास्थल पर जानकारी मिलने पर 112 की पुलिस गाड़ी भी पहुंची और मामले की जांच की। आग लगने के कारणों का पता अभी तक नहीं चल सका है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ध्रुप शाह घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं..










