छपरा। सारण जिले में अपराध नियंत्रण एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन ने रात्रिकालीन गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी किया है। इसके तहत पूरे जिले को 6 जोन में विभाजित कर प्रतिदिन रात में सुपर पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है।
सुपर पेट्रोलिंग के लिए तैनात पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित जोन के अंतर्गत आने वाले थाना क्षेत्रों में रात के समय लगातार भ्रमणशील रहेंगे। इस दौरान वे संबंधित क्षेत्रों में पुलिसिंग एवं रात्रि गश्ती व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की स्थिति की भी जांच करेंगे।
इस व्यवस्था का उद्देश्य रात के समय पुलिस की मौजूदगी को मजबूत करना, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाना तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
पुलिस पदाधिकारियों द्वारा अपने निर्धारित जोन में भ्रमण कर थाना स्तर पर की जा रही रात्रि पुलिसिंग की समीक्षा भी की जाएगी। इससे थाना क्षेत्रों में गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध पर नियंत्रण रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सारण पुलिस की इस नई सुपर पेट्रोलिंग व्यवस्था के जरिए अब रात में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता और निगरानी बढ़ाई जाएगी।










