छपरा सदर अस्पताल में ब्लड सेपरेशन मशीन को लेकर आंदोलन का ऐलान, 11 सितंबर से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह

छपरा। सदर अस्पताल, छपरा में पिछले करीब एक वर्ष से उपलब्ध ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन का संचालन शुरू नहीं होने को लेकर फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन ने 11 सितंबर 2026 से नगरपालिका चौक, छपरा पर अनिश्चितकालीन जन सत्याग्रह शुरू करने की घोषणा की है।

संगठन का कहना है कि सदर अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन उपलब्ध होने के बावजूद अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इससे जरूरतमंद मरीजों को रक्त के आवश्यक कंपोनेंट्स के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। संगठन ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर उदासीनता बताते हुए मशीन को जल्द शुरू कराने की मांग की है।

 

एक साल से मशीन के संचालन की मांग

फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के मुताबिक, इस मुद्दे को लेकर संगठन की ओर से पहले भी बिहार के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। इसके अलावा सोशल मीडिया अभियान और कैंडल मार्च के जरिए भी मशीन के संचालन की मांग उठाई गई।

संगठन का आरोप है कि लगातार मांग और प्रयासों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब आंदोलन को निर्णायक चरण में ले जाने का फैसला किया गया है।

 

मशीन चालू होने तक जारी रहेगा सत्याग्रह

फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के अध्यक्ष मंटू कुमार यादव ने कहा कि संगठन ने पहले अनुरोध किया, ज्ञापन सौंपा और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाई। इसके बावजूद एक वर्ष बाद भी मशीन का संचालन शुरू नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या अधिकारी के खिलाफ नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था के खिलाफ लोकतांत्रिक आवाज है, जिसमें सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद उसका लाभ आम लोगों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 11 सितंबर से शुरू होने वाला सत्याग्रह मशीन का संचालन शुरू होने तक जारी रहेगा।

आम लोगों से समर्थन की अपील

संगठन ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में मशीन का संचालन शुरू होने से जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को लाभ मिल सकता है।

फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने आम नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से इस जनहित के आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।

प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के सचिव रणजीत कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश सिंह, प्रदेश सचिव मकेश्वर पंडित, मंजीत कुमार, अरुण कुमार दुबे, रंजन उपाध्याय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।