मढ़ौरा (सारण): मढ़ौरा थाना क्षेत्र के टेहटी गांव के समीप शनिवार शाम एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार टेंट व्यवसायी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेहटी गांव निवासी 50 वर्षीय मनोज साह बरदहियां में टेंट का काम समाप्त कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टेहटी गांव में गिरजा राय के घर के समीप एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज साह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में मनोज साह का दायां पैर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि बायां पैर भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है।










