आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने पकड़ा… पंचायत के बाद शिव मंदिर में हुई शादी

News4Bihar | सारण: जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के भोरहां गांव में एक प्रेम कहानी का अनोखा अंत देखने को मिला। आधी रात को प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को युवती के परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। मामला पंचायत तक पहुंचा, जहां दोनों परिवारों और ग्रामीणों की सहमति से आखिरकार प्रेमी युगल की शिव मंदिर में शादी करा दी गई।

 

जानकारी के अनुसार, मशरक थाना क्षेत्र के एक युवक की बहन की शादी पानापुर के कोंध भगवानपुर गांव में हुई है। बहन के ससुराल आने-जाने के दौरान युवक की मुलाकात पड़ोसी गांव भोरहां की एक युवती से हुई। बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे प्रेम में बदल गया और दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे।

 

बताया जाता है कि मंगलवार देर रात युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे देख लिया और पकड़कर घर में बैठा लिया। बुधवार सुबह घटना की खबर पूरे गांव में फैल गई। सूचना मिलने पर युवक की मां भी मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद दोनों परिवारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई।

 

शुरुआत में दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन प्रेमी-प्रेमिका ने एक-दूसरे से ही विवाह करने की इच्छा जताई। ग्रामीणों और सामाजिक लोगों की पहल पर आखिरकार दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए।

 

इसके बाद बिना किसी तामझाम के प्रेमी युगल को भोरहां मठिया स्थित शिव मंदिर ले जाया गया, जहां भगवान भोलेनाथ को साक्षी मानकर दोनों ने सात फेरे लिए, एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।

 

इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में बनी हुई है।