मुर्गा फार्म में छिपा बैठा था कुख्यात अपराधी, पुलिस ने हथियारों के साथ दबोचा…

सारण। जिले की अमनौर थाना पुलिस ने एसटीएफ और डीआईयू की संयुक्त कार्रवाई में दो दशक से फरार चल रहे एक कुख्यात अपराधी को अवैध हथियारों एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लूट, डकैती और हत्या समेत कई संगीन मामलों में संलिप्त रहने का आरोप है।

 

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हुस्सेपुर डबरा पार गांव निवासी डी.एन. राय उर्फ वासुदेव राय अपने मुर्गा फार्म में हथियारों के साथ मौजूद है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

 

तलाशी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर मुर्गा फार्म से एक राइफल, एक देशी कट्टा, 22 जिंदा कारतूस, कारतूस रखने वाला बेल्ट, दो मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है।

 

पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सारण और भोजपुर जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या और आर्म्स एक्ट से संबंधित एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें कई पुराने मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके सहयोगियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।