मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने छपरा शहर में किया फ्लैग मार्च

सारण: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के नेतृत्व में छपरा शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।

 

फ्लैग मार्च के दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर आम लोगों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

इस फ्लैग मार्च में नगर आयुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न थाना प्रभारी और सैकड़ों पुलिस बल के जवान भी शामिल हुए।

 

जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आम नागरिकों से भी सहयोग एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

 

प्रशासन के इस कदम से आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला.