शिक्षा, पूंजी और रोजगार से ही मिटेगी गरीबी : प्रशांत किशोर

News4Bihar | इसुआपुर (सारण)। प्रखंड के रामपुर अटौली पंचायत अंतर्गत डोईला गांव में मंगलवार की शाम जन सुराज की ओर से आत्मीय रात्रि भोज एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व जिला युवा अध्यक्ष इंजीनियर कुमार शिवम उर्फ गुड्डू बबुआ ने किया। इस अवसर पर जन सुराज के संस्थापक Prashant Kishor का अंगवस्त्र, पुष्पमाला और बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि गरीबी से बाहर निकलने के लिए शिक्षा, पूंजी और रोजगार सबसे महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्याप्त भूमि या आर्थिक संसाधनों की कमी होती है, उनके लिए विकास की राह कठिन हो जाती है।

उन्होंने कहा कि बिहार की बड़ी आबादी आज भी इन बुनियादी सुविधाओं से वंचित है, जिसके कारण लोग विकास की मुख्यधारा से पीछे रह जाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही समृद्ध और विकसित समाज की नींव होता है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि जब बिहार के बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सम्मानजनक रोजगार हासिल करेंगे, तभी परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और राज्य का भविष्य भी उज्ज्वल बनेगा। उन्होंने लोगों से जन सुराज अभियान का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए जनभागीदारी और सकारात्मक राजनीतिक परिवर्तन आवश्यक है।

कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी जन सुराज को सामाजिक एवं राजनीतिक बदलाव की मुहिम बताते हुए लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिकों और सामूहिक प्रयासों से ही विकास का नया अध्याय लिखा जा सकता है।

 

इस अवसर पर मुन्ना भवानी, आनंद मोहन सिंह, जिला प्रवक्ता कुलदीप महासेठ, पैक्स अध्यक्ष अनीता देवी, असिस्टेंट प्रोफेसर आराध्या रौशनी, जयराम राय, सुरेंद्र महतो, मिथिलेश सिंह, विकास सिंह, महेश पंडित, लाल बाबू राय, उदय शंकर सिंह, निरंजन कुमार ओझा, सुरेश सिंह, रानी देवी, अशोक ओझा, सविता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जन सुराज समर्थक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. चंद्रदेव प्रसाद गुप्ता ने की, जबकि संचालन जिला युवा अध्यक्ष नवनीत कुमार यादव ने किया।