News4Bihar | इसुआपुर। इसुआपुर थाना क्षेत्र के पिपरहियां बाजार के पास सोमवार की देर संध्या हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के बंगाली भिठ्ठी गांव निवासी अनिल सिंह के 18 वर्षीय पुत्र अनुप कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अनुप कुमार सिंह बाइक पर सवार था। उसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी घायल हो गए। वहीं एक अन्य घायल व्यक्ति ठेला चलाने वाला बताया जा रहा है, जो दुर्घटना की चपेट में आ गया। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इसुआपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही इसुआपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।










