इसुआपुर में पैक्स चुनाव की सरगर्मी तेज, पहले दिन दो अभ्यर्थियों ने भरा नामांकन

इसुआपुर (सारण):पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर प्रखंड क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन शुक्रवार को प्रखंड विकास कार्यालय इसुआपुर के प्रांगण में दो अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन करने वालों में प्रखंड के अमरदह पंचायत से निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह तथा परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ इसुआपुर के प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार यादव की पत्नी गीता देवी शामिल हैं।

दोनों अभ्यर्थियों के नामांकन के साथ ही क्षेत्र में चुनावी माहौल बनने लगा है। नामांकन के दौरान समर्थकों की भी अच्छी खासी मौजूदगी देखने को मिली। वहीं प्रखंड प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई थी।

पैक्स चुनाव को लेकर आगामी दिनों में और भी अभ्यर्थियों के नामांकन करने की संभावना जताई जा रही है, जिससे चुनावी मुकाबला रोचक होने के आसार हैं।